रिपोर्ट –जय शंकर पांडे


18 जून 2026, जगदलपुर। आज केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “12 साल बेमिसाल” जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान के अंतर्गत आज लोहण्डीगुड़ा विकासखंड के अंतिम छोर स्थित ग्राम पंचायत चंदेल एवं ककनार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला समूहों की सदस्याएं तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।



कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामवासियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक विनायक गोयल के आत्मीय स्वागत के साथ हुई। अपने संबोधन में विधायक श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है, जिससे गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा एवं आदिवासी समाज का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।



इस अवसर पर ग्राम पंचायत चंदेल में ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पानी की समस्या के समाधान के लिए पानी टैंकर का वितरण किया गया। विधायक श्री गोयल ने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पानी टैंकर मिलने से ग्रामवासियों को गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी तथा जल संकट से निपटने में सहायता प्राप्त होगी।

कार्यक्रम के दौरान नवीन शाला प्रवेश उत्सव भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। नवप्रवेशी बच्चों को गणवेश, पुस्तकें एवं पेन वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। विधायक श्री गोयल ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है तथा सरकार बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान पार्टी एवं समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया गया। विधायक विनायक गोयल ने लंबे समय से संगठन एवं समाज सेवा में सक्रिय योगदान देने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है तथा संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त होती है।

अपने संबोधन में विधायक श्री गोयल ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय वृद्धि, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और विकास कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री गोयल ने ग्रामवासियों की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र के विकास और जनहित के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।

“12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ विकास और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। चंदेल और ककनार में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह, जनभागीदारी और विकास के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप , हरिप्रसाद कश्यप , मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप , ओबीसी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नरसिंह ठाकुर, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष शिवनंदन पेगड़ , तुलु राम कश्यप , चन्द्रशेखर ठाकुर , सुदरू सेठिया , तुलाराम नाग , सुख चन्द ठाकुर , एवं अन्य जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply