रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

लोक निर्माण, हर घर जल, नगरीय विकास और खेल गतिविधियों की समीक्षा; अधूरे कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर
बीजापुर, 10 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट के इन्द्रावती सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री साव ने बैठक की शुरुआत लोक निर्माण विभाग की समीक्षा से की। उन्होंने जिले में स्वीकृत एवं निर्माणाधीन सड़कों, शासकीय भवनों तथा अन्य अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब पर रोक लगाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा। अप्रारंभ कार्यों की वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं कार्य प्रारंभ कराने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान फुंडरी में निर्माणाधीन पुल की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। उपमुख्यमंत्री ने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर आवागमन के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं बेदरे में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल के संबंध में अधिकारियों ने रिटेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने तथा वर्क ऑर्डर जारी किए जाने की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने और निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में बासागुड़ा में तालपेरु नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल सहित जिले के अन्य पुल-पुलियों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री विश्वदीप ने बैठक में बीजापुर बायपास सड़क से संबंधित आवश्यक जानकारी उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी। साव ने जिले में बेहतर सड़क एवं पुल-पुलिया नेटवर्क को आवागमन और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ‘हर घर जल’ योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब स्वीकृत योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार तक नियमित और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो। उन्होंने जलापूर्ति योजनाओं की सतत निगरानी, अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने तथा धीमी कार्यगति पर उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही बरतने से बचने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में राजस्व संग्रहण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित नगरीय निकायों से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि जिले में अब भयमुक्त और सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। इस अनुकूल वातावरण का लाभ बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने में लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय स्तर से ही बच्चों में खेल के प्रति रुचि विकसित करने तथा उन्हें नियमित रूप से खेल गतिविधियों में शामिल करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले। इसके लिए शिक्षकों, पीटीआई, प्रशिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेते हुए गांव-गांव में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने बच्चों को विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों से कहा कि जिले में विकास कार्यों को गति देने के साथ उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं एवं परियोजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, डीएफओ डॉ जाधव सागर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नम्रता चौबे सहित संभागीय स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी गण तथा जिले लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।