रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

25 जून 2026, रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर लैलूंगा पुलिस ने जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और बलवा करने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
घटना को लेकर ग्राम बरखोरिया निवासी प्रार्थिया पुष्पा यादव पति टिकेश्वर यादव (35 वर्ष) ने 22 जून को थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी उनके परिवार द्वारा कब्जे की कृषि भूमि में धान की बुआई की गई थी। दोपहर करीब 2 बजे कृष्णा यादव, लिंगराज यादव, जागेश्वर यादव, हलधर यादव, पूर्णचंद्र चौबे, बसंत यादव, विनेश यादव उर्फ बबलू, रघुवीर टंडन, सूरज ओगरे और संजय बरेठ एक राय होकर खेत में जबरन जोताई एवं धान बुआई करने लगे। विरोध करने पर सभी आरोपित प्रार्थिया के घर और आंगन में घुस गए तथा छप्पर और घरेलू सामान में तोड़फोड़ कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 202/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 190, 191(2), 333 एवं 324(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।