रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

29 जून 2026, सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में रविवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। कुकानार थाना क्षेत्र में खेत में काम करने के बाद बारिश से बचने के लिए इमली पेड़ के नीचे बैठे पांच युवकों पर बिजली गिर गई, जिसमें एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी युवक देवनाथ पारा के रहने वाले थे और खेतों में कृषि कार्य कर रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए उमेश बघेल, मंगला बघेल, आशाराम बघेल, अजय नाग और आयता बघेल पास में मौजूद एक इमली पेड़ के नीचे चले गए।
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास आ गिरी, जिसकी चपेट में सभी युवक आ गए। बिजली गिरते ही पांचों युवक गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को छिंदगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने पर 18 वर्षीय अजय नाग को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं बाकी चार घायलों का इलाज छिंदगढ़ अस्पताल में जारी है।