रिपोर्ट – जय शंकर पांडे


बीजापुर 02 जुलाई 2026/प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) ने एक बार फिर स्वरोजगार के सपनों को नई उड़ान दी है। बीजापुर जिले के निवासी रमेश नाग ने इस योजना के माध्यम से सीमेंट ब्रिक्स निर्माण इकाई स्थापित कर न केवल आत्मनिर्भरता हासिल की है, बल्कि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनकर उभरे हैं।

रमेश नाग लंबे समय से अपना स्वयं का सीमेंट ब्रिक्स निर्माण व्यवसाय शुरू करना चाहते थे, लेकिन पर्याप्त पूंजी के अभाव में उनका सपना अधूरा था। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर के मार्गदर्शन तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बीजापुर के सहयोग से उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत ₹10 लाख का ऋण स्वीकृत हुआ। साथ ही, परियोजना के लिए लगभग ₹3.50 लाख का मार्जिन मनी (अनुदान) भी प्रदान किया गया।

ऋण एवं अनुदान की सहायता से रमेश नाग ने आधुनिक मशीनों और आवश्यक संसाधनों के साथ सीमेंट ब्रिक्स निर्माण इकाई की स्थापना की। वर्तमान में उनकी इकाई में गुणवत्तापूर्ण सीमेंट ब्रिक्स का उत्पादन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय निर्माण कार्यों की आवश्यकताएं पूरी हो रही हैं। साथ ही, इस इकाई के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।

रमेश नाग का कहना है कि PMEGP योजना ने उनके आत्मनिर्भर बनने के सपने को साकार कर दिया है। आज वे अपने व्यवसाय से अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना रहे हैं।

यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि यदि सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले, तो कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply