रिपोर्ट – ऋषभ कुमार

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में चमचमाता स्टेडियम रो रहा बदहाली के आंसू,बना नशेड़ियों का सुरक्षित अड्डा,खिलाड़ियों और आमजन की सुरक्षा में खड़ा करता बड़ा प्रश्नचिह्न।
सुबह की सैर व खेल कूद करने आ रहे बड़े,बुजुर्ग व बच्चों को हो रही बेहद परेशानी,भाजपा की स्वच्छ भारत मिशन की पोल खोलता स्टेडियम
5 जुलाई 2026, जगदलपुर। स्थानीय इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में फैली अव्यवस्था, गंदगी और असुरक्षा को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी व्यापारी प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष राजेंद्र पटवा ने भाजपा शासित नगर निगम और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने कहा कि जो स्टेडियम पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में खिलाड़ियों की पहली पसंद और शहर की शान हुआ करता था, वह आज वर्तमान में भाजपा सरकार की घोर लापरवाही के कारण बदहाली के आंसू रो रहा है।पटवा ने स्टेडियम की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन की उदासीनता के कारण पूरे परिसर में गंदगी का साम्राज्य पसर गया है। रखरखाव के अभाव में खेल मैदान और दर्शकों के बैठने की जगहें जर्जर हो रही हैं। यह स्थिति भाजपा के “स्वच्छ भारत मिशन” के बड़े-बड़े दावों की जमीनी पोल खोल रही है।
राजेंद्र पटवा ने आगे कहा कि शाम ढलते ही स्टेडियम परिसर असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का सुरक्षित ठिकाना बन जाता है। परिसर में जगह-जगह बिखरी शराब की बोतलें और कचरा इस बात का प्रमाण हैं कि यहाँ सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। खेल की भावना को बढ़ावा देने वाला यह पवित्र स्थान अब असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है,जिससे खिलाड़ियों, विशेषकर महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।उन्होंने आगे कहा कि सुबह और शाम की सैर के लिए आने वाले शहर के वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और नियमित खेल अभ्यास करने वाले युवा खिलाड़ियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चारों तरफ फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों का वहाँ बैठना या सांस लेना भी दूभर हो गया है। इस दुर्दशा को लेकर स्थानीय जनता और खेल प्रेमियों में निगम सरकार के खिलाफ आज भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से राजेंद्र पटवा ने नगर निगम प्रशासन और संबंधित विभाग को कड़ी चेतावनी दी है कि वे तुरंत कुंभकर्णी नींद से जागें। कांग्रेस पार्टी की मांग है कि इंदिरा स्टेडियम की तत्काल व्यापक साफ-सफाई कराई जाए।परिसर में असामाजिक तत्वों के प्रवेश को रोकने के लिए सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाए और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।स्टेडियम के बुनियादी ढांचे की मरम्मत कर इसे खिलाड़ियों के लिए दोबारा सुलभ बनाया जाए। ताकि हमारे खिलाड़ी, बड़े बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो यदि समय रहते स्टेडियम की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ खेल प्रेमियों और आम जनता के साथ मिलकर नगर निगम के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी,जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन व भाजपा सरकार की होगी।