रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

5 जुलाई 2026, जगदलपुर:- भारत स्काउट एवं गाइड जिला बस्तर के जिला मुख्य आयुक्त सुरेश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में स्काउट एवं गाइड परिवार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव से सौजन्य भेंट कर जिले में संचालित स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों, उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। इस दौरान बस्तर जिले में स्काउट एवं गाइड को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं और संसाधनों की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा हुई।


प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले के शासकीय विद्यालयों में भारत स्काउट एवं गाइड का संचालन निरंतर किया जा रहा है। संस्था विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रप्रेम जैसे मूल्यों का विकास कर उन्हें आदर्श नागरिक बनाने का कार्य कर रही है। स्काउट एवं गाइड का ध्येय सदैव तत्पर की भावना के साथ सेवा, सहयोग और संस्कारों को जीवन का हिस्सा बनाना है।


जिला मुख्य आयुक्त सुरेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि बस्तर जिले में स्काउट एवं गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सेवा, स्वच्छता अभियान, नेतृत्व प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास जैसी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध हों तो जिले के हजारों विद्यार्थियों को इस अभियान से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास के साथ साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में और अधिक प्रभावी कार्य किए जा सकते हैं।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने स्काउट एवं गाइड परिवार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड केवल एक संगठन नहीं बल्कि संस्कार, अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठन नई पीढ़ी को जिम्मेदार, राष्ट्रभक्त एवं समाज के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सुरेश गुप्ता सहित स्काउट एवं गाइड से जुड़े सभी शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के विकास और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।


भेंट के दौरान स्काउट एवं गाइड परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सहयोग से बस्तर जिले में स्काउट एवं गाइड का दायरा और अधिक विस्तृत होगा तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों को इससे जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में सार्थक कार्य किए जाएंगे। 


इस अवसर पर रोशन झा, परमेश राजा, मनोज महापात्र जिला आयुक्त, लिलेश कुमार देवांगन जिला सचिव, दशरू राम यादव जिला संगठन आयुक्त, स्काउट श्रीमती मीरा हिरवानी, जिला संगठन आयुक्त गाइड राज किशोर तिवारी, जिला क्वाटर मास्टर गोपेंद्र सिंह शार्दुल, जिला कोषाध्यक्ष विजय चंद्राकर, जिला मीडिया प्रभारी गिरवर सिंह रावटे, तनुल गुप्ता, नीरज मरावी, श्रीमती दीप्ति बारले उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply