रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

दरभा (बस्तर)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदबहार के व्याख्याता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रमोद कुमार मरावी द्वारा संकुल ककनार, विकासखंड दरभा के अंतर्गत विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने हेतु विशेष प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच पहाड़ा, गिनती, कविता एवं गीत सुनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पेंसिल, कॉपी, स्केल सहित अन्य अध्ययन सामग्री पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। साथ ही जो विद्यार्थी अनियमित रूप से विद्यालय आते थे, उन्हें भी अध्ययन सामग्री देकर नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्री मरावी ने घोषणा की कि जो विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय आएंगे तथा 15 तक पहाड़ा, 100 तक गिनती, कविता और गीत सुनाएंगे, उन्हें आगामी दिनों में भी आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए श्री प्रमोद कुमार मरावी ने कक्षा 9वीं की अनाथ एवं प्रतिभावान छात्रा कु. छोटी को विद्यालयी जूते एवं संपूर्ण अध्ययन किट प्रदान की। साथ ही उन्होंने छात्रा की कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई का खर्च स्वयं वहन करने की घोषणा की, ताकि आर्थिक कठिनाइयाँ उसकी शिक्षा में बाधा न बन सकें।

इसके अतिरिक्त कक्षा 9वीं से 12वीं तक के जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी कॉपियाँ वितरित की गईं। इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता श्री मनोहर सिंह बरनाला ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित अध्ययन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply