रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

23 जुलाई 2026, जगदलपुर। बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने कहा है कि केंद्र की एनडीए सरकार छात्रों और युवाओं से जुड़े प्रत्येक विषय पर सदन में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष बहस से बचने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह भय है कि सदन में तथ्यों के आधार पर चर्चा होने पर उसका दोहरा चरित्र देश के सामने उजागर हो जाएगा।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि यदि कांग्रेस और विपक्ष वास्तव में छात्रों एवं युवाओं के हितों को लेकर गंभीर हैं,तो उन्हें सदन में आकर नीट पेपर लीक और अन्य सभी शिक्षा संबंधी विषयों पर खुलकर चर्चा करनी चाहिए। एनडीए सरकार हर प्रश्न का उत्तर देने और प्रत्येक मुद्दे पर पारदर्शी संवाद के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लगातार ठोस निर्णय ले रही है। पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कठोर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के गठन का निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम है। इससे ऐसे मामलों की शीघ्र सुनवाई होगी तथा दोषियों को जल्द कठोर दंड मिल सकेगा।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि पेपर लीक के कारण लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सरकार की नीति स्पष्ट है। किसी भी दोषी को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है।
सांसद कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी,विश्वसनीय एवं जवाबदेह बनाने के लिए केंद्र सरकार का यह निर्णय देश के करोड़ों विद्यार्थियों के हित में मील का पत्थर सिद्ध होगा।