रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

खैरगुड़ा बाइक चोरी केस में सरकारी फुटेज नहीं मिली, पुलिस निजी कैमरों से जुटा रही साक्ष्य

27 जुलाई 2026, बस्तर। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अब पुलिस की निगरानी व्यवस्था की सबसे कमजोर कड़ी बन गए हैं। कई थाना और चौकी क्षेत्रों में कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिसका असर अपराधों की जांच पर सीधे तौर पर पड़ रहा है।



भानपुरी थाना क्षेत्र के खैरगुड़ा में हाल ही में हुई बाइक चोरी की घटना इसका ताजा उदाहरण है। जांच के दौरान पुलिस को सरकारी सीसीटीवी से कोई उपयोगी फुटेज नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस टीम को आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे निजी कैमरों की मदद लेनी पड़ी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर सरकारी कैमरे समय पर चालू होते तो आरोपी तक पहुंचने में समय नहीं लगता।

जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने पर घोटिया चौकी क्षेत्र में अधिकांश कैमरे खराब मिले। घोटिया चौकी प्रभारी वेदलाल नाग ने बताया कि पिछले दिनों क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने और तेज बिजली चमकने के कारण सभी सीसीटीवी कैमरे खराब हो गए थे। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसी को मरम्मत के लिए सूचना दे दी गई है और जल्द ही सभी कैमरों को दुरुस्त कर चालू करा दिया जाएगा।

वहीं बस्तर थाना क्षेत्र में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई जा रही है। बस्तर थाना प्रभारी सुरेश कुमार जांगड़े ने कहा कि उनके थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सीसीटीवी कैमरे वर्तमान में चालू स्थिति में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भोंड चौक में लगे कैमरों की कार्यशीलता की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है ताकि निगरानी में किसी तरह की चूक न हो।

लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी रवि बैगा ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में लगे कैमरे संचालित हैं और रिकॉर्डिंग भी हो रही है। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि लामड़ागुड़ा चौक जैसे व्यस्त स्थान पर अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं किए गए हैं। यह चौक नेशनल हाईवे 30 से जुड़ा होने के कारण यहां आवागमन अधिक रहता है और निगरानी की जरूरत भी महसूस की जा रही है।

भानपुरी थाना क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था को सुधारने के लिए सकारात्मक पहल हुई है। थाना प्रभारी हर्ष कुमार धुरंधर ने बताया कि पुलिस प्रशासन और स्थानीय व्यापारी संगठन के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में खराब पड़े कैमरों की मरम्मत कराई गई है। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर नए कैमरे भी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आमजन में सुरक्षा का भाव बढ़े।

बंड़ाजी थाना प्रभारी से इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

इधर जिले के नागरिकों ने मांग की है कि सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों का तकनीकी सर्वे कराया जाए। उनका कहना है कि जो कैमरे बंद हैं उन्हें तत्काल ठीक किया जाए और जिन चौक चौराहों में सार्वजनिक स्थानों पर अभी तक कैमरे नहीं लगे हैं वहां नए कैमरे स्थापित किए जाएं। लोगों का मानना है कि प्रभावी निगरानी व्यवस्था से न केवल संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा बल्कि आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply