रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

कोण्डागांव, 28 जुलाई। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान एवं हर घर तिरंगा तथा तिरंगा यात्रा को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय अटल सदन कोण्डागांव में संयुक्त जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।


कार्यशाला के बाद आयोजित प्रेस वार्ता को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी एवं कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने संबोधित किया। विधायक लता उसेंडी ने बताया कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 29 जुलाई से वाराणसी स्थित संत रविदास जी की जन्मभूमि से प्रारंभ होकर देशभर में विभिन्न चरणों के माध्यम से 15 जनवरी तक चलेगा।



लता उसेंडी ने बताया कि अभियान के दौरान संत रविदास जी की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी कलश में लेकर देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएगी। जिले में भी मंदिरों से कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी, जहां दीप प्रज्वलन, संत रविदास की वाणी और पदों का वाचन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, समरसता और कुरीतियों से ऊपर उठकर एकजुट रहने का संदेश दिया था।

अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती को लेकर आयोजित कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों की जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान संत रविदास जी के विचारों और समाज में उनके योगदान को लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समरसता अभियान के साथ ही आगामी समय में हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती, गांधी जयंती सहित अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों को भी कार्यकर्ताओं द्वारा सक्रिय सहभागिता के साथ आयोजित किया जाएगा।

कार्यशाला में भाजपा जिला अध्यक्ष सेवक नेताम, जिला प्रभारी वेंकट राव ,दीपेश अरोरा,मनोज जैन ,नरपति पटेल,जसकेतु उसेंडी,बिहारीलाल शोरी,संगीता पोयाम,जितेंद्र सुराना,आकाश मेहता,विजय पोया,अनिल अग्रवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply

You missed