रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

120 स्कूली विद्यार्थियों ने वरिष्ठ कार्टूनिस्टों से सीखी कार्टून और कैरिकेचर की बारीकियां

जगदलपुर 03 अगस्त 2026/ बस्तर की सकारात्मक छवि, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक कला के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जगदलपुर के एक निजी होटल में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया।

छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 10 विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अपनी भावनाओं और विचारों को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करना भी एक विशेष हुनर है। उन्होंने कहा कि कार्टून और कैरिकेचर केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और विकास के सकारात्मक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सशक्त कला है।

इस अवसर पर महापौर संजय पांडेय एवं एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह, स्थानीय कार्टूनिस्ट सुभाष पांडे और स्कूली शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।

‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करना और बस्तर की खूबियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ बस्तर की सकारात्मक पहचान को देशभर में स्थापित करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास है। यह आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। इस अवसर पर कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने वनमंत्री और महापौर का कैरिकेचर बनाकर उनको भेंट की। ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कैनवास कार्यशाला में कलेक्टर आकाश छिकारा ने पहुंचकर प्रतिभागी स्कूली बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए जा रहे कार्टून और रचनात्मक चित्रों का अवलोकन किया तथा उनकी कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति की सराहना की।

कलेक्टर छिकारा ने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रभावी साधन भी है। कार्टून जैसी विधा बच्चों में रचनात्मक सोच, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों को विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी कल्पनाओं को रंगों और रेखाओं के माध्यम से समाज के सामने प्रस्तुत करें तथा सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें। कार्यशाला में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और पुरस्कार प्राप्त किया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply