
अभियान के तहत होटल-ढाबों पर सख्ती, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने प्रयोगशाला भेजे गए सैंपल
20 नवंबर 2026, जगदलपुर (बस्तर)। आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में ‘सुरक्षित आहार, हमारा अधिकार’ विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 16 से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।इसी अभियान के तहत 19 नवंबर 2026 को खाद्य सुरक्षा जिला बस्तर की टीम ने जगदलपुर स्थित दो होटलों का निरीक्षण किया।

टीम ने NH-30, आसना स्थित होटल एम्बिशन से प्याज ग्रेवी, टमाटर ग्रेवी एवं काजू मावा पेस्ट के तीन खाद्य नमूने एकत्रित किए।वहीं, सिंधु भवन के सामने स्थित होटल ग्रैंड शिल्पी इंटरनेशनल से टमाटर सूप एवं सोयाबीन सॉस के दो खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने तथा होटल कर्मचारियों को हेडगियर और एप्रन पहनने की समझाइश दी गई।

यह पूरी कार्रवाई अभिहित अधिकारी पूनम कुंजाम कांडे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार नाग एवं नमूना सहायक नंदकिशोर हिरवानी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।