रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

24 अगस्त 2026, बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध क्लीनिकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सरकारी स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक छुट्टी के बाद डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज कर रहा था। आरोप है कि शिक्षक अपनी पत्नी के साथ मिलकर दो अवैध क्लीनिक भी संचालित कर रहा था।
स्वास्थ्य विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा जिले में अवैध क्लीनिकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दामोदरपुर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान सरकारी शिक्षक प्रदीप दास के अवैध क्लीनिक संचालन का मामला सामने आया।
“जानकारी के अनुसार प्रदीप दास पूर्व माध्यमिक शाला लुरघुट्टा में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। आरोप है कि स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के बाद वह क्लीनिक में मरीजों का इलाज करता था। बताया जा रहा है कि शिक्षक अपनी पत्नी के साथ मिलकर दामोदरपुर में दो अलग-अलग क्लीनिक चला रहा था। संयुक्त टीम ने जब क्लीनिकों में छापेमार कार्रवाई की तो वहां कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान मौके से एक्सपायरी दवाइयां और इलाज में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न मेडिकल इंस्ट्रूमेंट बरामद किए।