रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

कलेक्टर श्री छिकारा ने सौंपे पेंशन भुगतान आदेश
जगदलपुर, 01 सितम्बर 2026/ कलेक्ट्रेट के प्रेरणा कक्ष में विभिन्न विभागों में अपनी दीर्घकालिक सेवाएं पूरी कर चुके 22 शासकीय सेवकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा ने सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें पेंशन भुगतान आदेश व सेवानिवृत्ति लाभ संबंधी आवश्यक दस्तावेज सौंपे।
कलेक्टर छिकारा ने विदाई समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्षों तक निष्ठापूर्वक शासकीय सेवा का निर्वहन कर सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त होना जीवन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने जिले के चहुंमुखी विकास में इन कर्मियों के अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उन्हें जीवन की दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने कहा कि शासकीय व्यस्तताओं के चलते जो समय परिवार को नहीं मिल पाता था, अब वह अवसर है जब सभी को अपने परिजनों के साथ सुखद समय बिताना चाहिए और अपने अधूरे व्यक्तिगत कार्यों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि कर्मचारी केवल शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए हैं, थके नहीं हैं, इसलिए समाज और प्रशासन को आज भी उनके लंबे प्रशासनिक व कार्य अनुभवों की आवश्यकता है।
उन्होंने सभी से कनिष्ठ सहयोगियों का मार्गदर्शन करते रहने और एक सजग नागरिक के रूप में समाज निर्माण में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री अनिल कुमार पाठक, कोषालय शाखा के कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया, वहीं परिजनों ने जिला प्रशासन के इस आत्मीय व सम्मानजनक आयोजन के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता प्रकट की।