रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

3 सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया

जगदलपुर, 2 सितम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना’ के अंतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालयों के शैक्षणिक सत्र 2026–27 में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु तृतीय काउंसलिंग की विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपरांत पात्र छात्र-छात्राओं की सूची और काउंसलिंग तिथियां विभागीय पोर्टल पर प्रदर्शित कर दी गई हैं, जिसके तहत आगामी 03 सितंबर से 09 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच आवंटित विद्यालयों में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।

इसी क्रम में बीजापुर जिले के प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग भी 03 से 9 सितंबर तक आयोजित होगी, जबकि सीटें रिक्त रहने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची वाले विद्यार्थियों के लिए 10 सितंबर से 15 सितंबर तक अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा। बीजापुर जिले से संबंधित यह पूरी प्रक्रिया रायपुर स्थित प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, गुढ़ियारी (जनता कालोनी, एफ.सी.आई. गोडाउन के पास) में संपन्न होगी। अभ्यर्थियों को यह विशेष ध्यान रखना होगा कि शासकीय अवकाश के कारण 4 से 6 सितंबर तथा 12 से 15 सितंबर तक काउंसलिंग का कार्य स्थगित रहेगा।

काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित होने वाले विद्यार्थियों को अपने साथ सभी अनिवार्य मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे, जिनमें न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ कक्षा 8वीं प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर अल्पसंख्यक वर्ग संबंधी नोटरीकृत शपथ-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र तथा विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण-पत्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दिव्यांगता, अनाथ, विधवा या परित्यक्ता माता के बच्चे अथवा देश की रक्षा व कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद सैनिक एवं अर्धसैनिक बलों के परिजनों की विशेष श्रेणी से चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित वैध प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने होंगे।

काउंसलिंग के उपरांत पात्रता सुनिश्चित होने पर छात्र-छात्राओं को दो दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण-पत्र और जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण-पत्र जमा कर प्रवेश की औपचारिकताएं पूर्ण करनी होंगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply