रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

बस्तर के युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच

जगदलपुर, 02 सितम्बर 2026/ बस्तर संभाग की खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बस्तर ओलंपिक 2026-27 के भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है। इस महत्वाकांक्षी खेल महाकुंभ को लेकर कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने संभाग के सभी जिला कलेक्टरों और खेल अधिकारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि अनुसूचित जनजाति बाहुल्य बस्तर अंचल के युवाओं में खेलों के प्रति अपार नैसर्गिक क्षमता मौजूद है, जिसे सही दिशा और अवसर देकर उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में तैयार करना तथा शासन व जनता के बीच मजबूत संबंध स्थापित करना इस आयोजन का मुख्य ध्येय है।


कमिश्नर बस्तर के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संभाग के सातों जिलों बस्तर, कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा में कुल 11 खेल विधाओं में यह प्रतियोगिता तीन स्तरों पर आयोजित की जाएगी। जारी समय-सारणी के अनुसार, आयोजन हेतु पंजीयन की प्रक्रिया 01 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके उपरांत 01 से 13 नवंबर 2026 के मध्य विकासखंड स्तरीय खेल स्पर्धाएं आयोजित होंगी। विकासखंड स्तर पर उभरकर सामने आने वाली प्रतिभाएं 16 से 25 नवंबर 2026 के बीच जिला स्तरीय मुकाबलों में भाग लेंगी, जिसके पश्चात 07 से 11 दिसंबर 2026 के मध्य संभाग स्तरीय भव्य स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

         कमिश्नर डोमन सिंह ने विशेष जोर देते हुए कहा कि सुदूर वनांचल और अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक गांव से युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन की सरल सुविधा प्रदान की जा रही है। आयोजन के पारदर्शी संचालन और प्रभावी निगरानी हेतु ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आयोजन समितियों के गठन तथा नोडल अधिकारियों के नामांकन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तय समय-सीमा के भीतर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि बस्तर संभाग के अधिकाधिक प्रतिभाशाली युवा इस ऐतिहासिक खेल महोत्सव में शामिल हो सकें।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply