रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

4 सितम्बर 2026, जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी की प्राचार्य और एक लिपिक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों ने स्कूल के ही बाबू से वेतन वृद्धि के एरियर की राशि निकालने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजुलता सोनी, प्राचार्य और विकास मसीह, लिपिक के रूप में हुई है।
दोनों पर आरोप है कि उन्होंने अपने ही स्कूल में पदस्थ बाबू मनीष राठौर से करीब 80 हजार रुपये के वेतन वृद्धि एरियर का भुगतान कराने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की थी।