रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जनहितकारी योजनाओं से भी पहुंचा लाभ
जगदलपुर, 06 सितम्बर 2026/ आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार 05 सितंबर को विकासखंड मुख्यालय तोकापाल में विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन चित्रकोट विधायक विनायक गोयल की उपस्थिति में किया गया। इस शिविर में दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से पहुंचे कुल 547 हितग्राहियों ने शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निःशुल्क दवाइयों का लाभ प्राप्त किया।

शिविर में आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से वात, पित्त, स्त्री रोग, मधुमेह, उदर रोग एवं चर्म विकार सहित कई जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों की विस्तृत जांच कर उपचार एवं परामर्श दिया गया। इसके साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से लगभग 350 नागरिकों को आयुष काढ़े का निःशुल्क वितरण किया गया। नेत्र परीक्षण दल द्वारा आंखों की जांच कर जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए मौके पर ही आयुष्मान कार्ड स्क्रीनिंग, आभा आईडी निर्माण, टीबी जांच, डिजिटल एक्स-रे तथा विभिन्न पैथोलॉजी लैब परीक्षणों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता विभिन्न विभागों का सशक्त समन्वय रही। कार्यक्रम में एकीकृत महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, पशुपालन विभाग तथा शिक्षा विभाग के स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों-कर्मचारियों ने आमजन को विभागीय योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ पहुंचाया। कार्यक्रम में तोकापाल के अनुविभागीय दंडाधिकारी शंकर लाल सिन्हा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहनिश साहू, तहसीलदार यशोदा केतारप, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीलू तिर्की सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के सफल आयोजन और संचालन में शिविर प्रभारी डॉ. सरोज मेहर, डॉ. यशवंत बघेल, डॉ. सिद्धार्थ बस, डॉ. पीके दास सहित आयुष विभाग के फार्मासिस्टों एवं औषधालय सेवकों ने सराहनीय भूमिका निभाई। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के इस संयुक्त प्रयास से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्र के नागरिकों को एक ही परिसर में समग्र स्वास्थ्य सेवाओं और जनहितकारी योजनाओं एवं लोक सेवाओं का भरपूर लाभ प्राप्त हुआ।