रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

शिक्षा, स्वास्थ्य और योजनाओं की जमीनी स्थिति का लिया जायजा, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
बीजापुर, 12 सितंबर 2026/ कलेक्टर विश्वदीप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नम्रता चौबे ने शुक्रवार को उसूर विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर शासकीय संस्थाओं में व्यवस्थाओं, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने और आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने सर्वप्रथम बालिका पोटाकेबिन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अध्ययनरत बालिकाओं तथा शाला त्यागी बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपस्थिति एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा शिक्षण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर एक अनुदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके पश्चात अधिकारियों ने दुगईगुड़ा स्थित नवनिर्मित एकलव्य विद्यालय भवन का अवलोकन किया। बालक एवं बालिका छात्रावासों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से भोजन, आवास, अध्ययन एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावासों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएचसी बासागुड़ा में मरीजों से ली सुविधाओं की जानकारी
कलेक्टर एवं सीईओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बासागुड़ा पहुंचकर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। चिकित्सकों से दैनिक ओपीडी, दवाइयों की उपलब्धता, स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
एग्रीस्टेक पंजीयन शिविर का किया निरीक्षण
तर्रेम में आयोजित एग्रीस्टेक पंजीयन शिविर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर एवं सीईओ ने पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को पात्र किसानों का पंजीयन सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में उपस्थित किसानों से संवाद कर एग्रीस्टेक पंजीयन के महत्व की जानकारी दी तथा शासन की विभिन्न कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
वीबी-जी रामजी योजना से बढ़ेंगे रोजगार और अधोसंरचना के अवसर
इस दौरान अधिकारियों ने वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत गांवों में अधोसंरचना विकास के साथ स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों को श्रमिक पंजीयन कराने तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को पंजीयन के लिए प्रेरित किया, ताकि जरूरतमंद परिवार शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
औचक निरीक्षण के दौरान एसडीएम उसूर भूपेन्द्र गावरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।