रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

निगम की नई व्यवस्था से व्यापारियों में खुशी, ग्राहकों को भी राहत; पार्किंग, पेयजल और मोबाइल शौचालय की सुविधा से कारोबार को मिला बेहतर माहौल
13 सितंबर 2026, जगदलपुर। गणेश चतुर्थी के पर्व को देखते हुए इस वर्ष नगर पालिक निगम ने गणेश प्रतिमाओं के विक्रय के लिए शहर के पुराने कृषि उपज मंडी प्रांगण को निर्धारित किया है। निगम की इस व्यवस्था से गणेश प्रतिमा विक्रेताओं में खासा उत्साह है। व्यापारियों का कहना है कि एक स्थान पर व्यवस्थित बाजार उपलब्ध होने से न केवल उनका कारोबार सुचारू हुआ है, बल्कि ग्राहकों को भी प्रतिमाएं खरीदने में काफी सुविधा मिल रही है।

पुरानी कृषि मंडी परिसर में व्यापारियों ने निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से अपनी दुकानें लगाई हैं। निगम की ओर से यहां स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त पार्किंग और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके चलते प्रतिमा खरीदने आने वाले परिवारों को वाहन खड़ा करने से लेकर खरीदारी तक में आसानी हो रही है। व्यापारियों के मुताबिक, पहले शहर के अलग-अलग हिस्सों में प्रतिमा बिक्री होने से जगह की कमी, यातायात दबाव और ग्राहकों की आवाजाही जैसी समस्याएं सामने आती थीं। इस बार एक निर्धारित और सुविधाजनक स्थान मिलने से कारोबार के लिए बेहतर माहौल बना है।
व्यापारियों ने कहा- निगम का फैसला हमारे हित में
प्रतिमा विक्रेताओं ने निगम की इस पहल को व्यापारियों के हित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया। उनका कहना है कि व्यवस्थित बाजार होने से ग्राहक आसानी से दुकानों तक पहुंच रहे हैं और बिना ट्रैफिक की परेशानी के प्रतिमाओं का चयन कर पा रहे हैं। पार्किंग की सुविधा के कारण परिवारों के साथ आने वाले ग्राहकों को भी राहत है। व्यापारियों का कहना है कि सुविधाएं मिलने से उन्हें दुकान लगाने, प्रतिमाओं को सुरक्षित रखने और ग्राहकों को बेहतर तरीके से सेवा देने में सहूलियत हो रही है।
व्यापारियों ने कहा कि निगम ने केवल बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध नहीं कराया, बल्कि पेयजल, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं देकर पूरे बाजार को व्यवस्थित रूप देने का प्रयास किया है। इससे व्यापारी और ग्राहक दोनों लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने महापौर संजय पांडे की पहल की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारी कारोबार को ध्यान में रखकर लिया गया यह फैसला सीधे तौर पर छोटे और स्थानीय व्यापारियों के हित में है।
व्यापारियों के हित और ट्रैफिक जाम से राहत के लिए लिया गया निर्णय – संजय पांडे
महापौर संजय पांडे ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान प्रतिमाओं की बिक्री के लिए शहर के मुख्य और व्यस्त स्थानों पर दुकानें लगने से यातायात का दबाव बढ़ जाता था। बड़ी संख्या में ग्राहक और वाहन पहुंचने के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती थी। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी परेशानी होती थी।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों के कारोबार को प्रभावित किए बिना शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुराने कृषि उपज मंडी परिसर को प्रतिमा बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है। यहां पर्याप्त स्थान होने के कारण व्यापारी व्यवस्थित तरीके से दुकान लगा सकते हैं और ग्राहक भी सुविधाजनक तरीके से खरीदारी कर सकते हैं।
महापौर ने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल ट्रैफिक का दबाव कम करना नहीं, बल्कि व्यापारियों को बेहतर कारोबारी वातावरण और ग्राहकों को सुविधाजनक खरीदारी उपलब्ध कराना भी है। पार्किंग, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं इसी सोच के तहत उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शहर में कारोबार भी बढ़े और आम लोगों को असुविधा भी न हो, इसके लिए निगम स्तर पर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
नगर निगम की इस पहल से इस बार गणेश प्रतिमा बाजार को व्यवस्थित, सुविधाजनक और यातायात के लिहाज से सुरक्षित स्थान मिला है। व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में ग्राहकों की बढ़ती संख्या के साथ कारोबार को भी इसका लाभ मिलेगा।