रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 15 सितंबर 2026/ शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में करियर बनाने का शानदार अवसर मिलने जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र आड़ावाल जगदलपुर द्वारा बुधवार 16 सितंबर को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक एक दिवसीय जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के चार प्रमुख नियोजक कुल 119 विभिन्न पदों पर योग्य उम्मीदवारों की सीधी भर्ती करेंगे, जिसमें शामिल होने की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क रखी गई है।
इस भर्ती अभियान में तकनीकी, प्रबंधन, सुरक्षा और वित्तीय क्षेत्र के विविध अवसर शामिल हैं। जगदलपुर स्थित रिकनेक्ट मोबाइल द्वारा स्नातक पास उम्मीदवारों के लिए मैनेजर का एक पद तथा 1 वर्षीय डिप्लोमा धारकों के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर (हिंदी व अंग्रेजी टाइपिंग) के 3 पद निकाले गए हैं, जिनमें चयनित अभ्यर्थियों को 11 हजार से 18 हजार रुपये तक का मासिक वेतन दिया जाएगा। वहीं एक्टिव टाइगर्स मैनेजमेंट सर्विसेज जगदलपुर द्वारा 10 वीं पास पुरुष उम्मीदवारों के लिए 20 सिक्योरिटी गार्ड पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें 12 हजार से 15 हजार रुपये वेतन के साथ ईपीएफ, मेडिकल और आवास सुविधा भी शामिल है। इन पदों पर नियुक्ति जगदलपुर, रायपुर, रायगढ़ तथा ओडिशा में दी जाएगी।
इसके साथ ही तकनीकी दक्षता रखने वाले युवाओं के लिए आड़ावाल स्थित गुप्ता ट्रेवल्स में मैकेनिक के 8 पद, इलेक्ट्रीशियन के 4 पद, वेल्डर के 2 पद, सिक्योरिटी गार्ड के 4 पद और अनुभवी स्नातकों के लिए सिक्योरिटी ऑफिसर के 2 पदों पर अवसर उपलब्ध हैं, जहाँ 8 हजार से 18 हजार रुपये तक के वेतन के साथ प्रोत्साहन राशि और आवश्यकतानुसार आवास की सुविधा दी जाएगी।
वित्तीय क्षेत्र में रुचि रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए भारतीय जीवन बीमा निगम जगदलपुर द्वारा 10 वीं पास महिलाओं हेतु बीमा सखी के 40 पद और पुरुषों हेतु इंश्योरेंस एडवाइजर के 35 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिनका अंतिम चयन 760 रुपये परीक्षा शुल्क के साथ ऑनलाइन परीक्षा के माध्यम से होगा और चयनितों को तय मानदेय के साथ आकर्षक इंसेंटिव मिलेगा।
इच्छुक एवं पात्र आवेदक रिक्तियों के विस्तृत विवरण के लिए विभागीय पोर्टल www.erojgar.cg.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के पश्चात अभ्यर्थियों को 16 सितंबर को तय समय पर अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, उनकी एक सेट छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक तथा आवश्यक पहचान पत्रों के साथ साक्षात्कार हेतु उपस्थित होना होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी कार्यालयीन समय में रोजगार कार्यालय आड़ावाल से अथवा दूरभाष क्रमांक 07782-264376 पर प्राप्त की जा सकती है।