रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

NIIT फाउंडेशन के सहयोग से सशक्त आंगनबाड़ी, सशक्त नारी

बीजापुर 15 सितम्बर 2026- महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बीजापुर एवं  NIIT फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा विषय पर क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भैरमगढ़ के सामुदायिक भवन कुटरू स्थित जनसुविधा केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण में भैरमगढ़ एवं कुटरू क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम में  NIIT फाउंडेशन के मुख्य प्रशिक्षक संदीप ठाकुर द्वारा कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सरल एवं रोचक तरीके से विभिन्न डिजिटल तकनीकों और ऑनलाइन सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया।
डिजिटल साक्षरता के तहत पोषण ट्रैकर एप में उपस्थिति दर्ज करने, दैनिक गतिविधियों की एंट्री, बच्चों के वजन एवं ऊंचाई की ऑनलाइन एंट्री, फेस कैप्चर, ई-केवाईसी तथा व्हाट्सऐप एवं गूगल मीट के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई।


वित्तीय साक्षरता के अंतर्गत  UPI, BHIM, QR कोड स्कैन करने, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, महतारी वंदन योजना की राशि का सुरक्षित उपयोग तथा बचत एवं बीमा योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।


साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण में फर्जी लिंक, लॉटरी फ्रॉड, KYC फ्रॉड एवं अश्लील वीडियो कॉल के माध्यम से होने वाली ब्लैकमेलिंग से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर बच्चों की तस्वीरों की गोपनीयता बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया।


प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को साइबर अपराध की स्थिति में सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 की जानकारी दी गई।


कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी, भैरमगढ़ द्वारा किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को डिजिटल तकनीक के प्रभावी एवं सुरक्षित उपयोग के लिए सक्षम बनाना तथा वित्तीय एवं साइबर जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply