रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जल जीवन मिशन से बदली छोटेपोटेनार की तस्वीर


बीजापुर 15 सितम्बर 2026/ भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत फुल्लोड़ के आश्रित ग्राम छोटेपोटेनार में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। जिला मुख्यालय से लगभग 32 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में अब 67 परिवारों को घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है। योजना के पूर्व ग्राम में 07 हैंडपंपों के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती थी। ग्रामीणों को पानी के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ता था और गर्मी, बारिश तथा ठंड के मौसम में दूर स्थित हैंडपंपों से पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। जल जीवन मिशन के तहत 10 हजार लीटर क्षमता वाले 03 सोलर स्ट्रक्चर स्थापित किए गए, जिससे घरों तक नल के माध्यम से नियमित पेयजल पहुंचने लगा है।



06 जून 2025 को हुआ शत-प्रतिशत हर-घर जल प्रमाणीकरण

ग्राम छोटेपोटेनार को ग्रामसभा के माध्यम से शत-प्रतिशत हर-घर जल प्रमाणीकरण किया गया। इस दौरान ग्राम के सरपंच  प्रमोद माड़वी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के परियोजना समन्वयक  टोपेश्वर साहू सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामसभा में नल-जल योजना के संचालन एवं संधारण, नियमित जल प्रदाय, रख-रखाव तथा जलकर से संबंधित जानकारी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामवासियों और पानी समिति की सहमति से योजना के संचालन एवं रख-रखाव के लिए प्रत्येक परिवार से 50 रुपये प्रतिमाह जलकर जमा करने का निर्णय लिया गया।

ग्रामीणों ने साझा किए अपने अनुभव

ग्रामवासी बल्लू कतलम और सोमाराम कुंजाम ने बताया कि पहले पानी के लिए हैंडपंपों पर लंबी कतार लगानी पड़ती थी। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पानी लाने के लिए काफी समय व्यतीत होता था। अब नल-जल योजना के माध्यम से घर में ही पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल मिलने से पानी की समस्या दूर हो गई है। जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत को जल आपूर्ति प्रणाली के संचालन, प्रबंधन एवं सतत क्रियाशीलता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे ग्रामीणों में जल संरक्षण एवं पानी के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ी है। ग्रामवासियों ने जल का दुरुपयोग नहीं करने और जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया।


छोटेपोटेनार में जल जीवन मिशन की सफलता ग्रामीणों की सहभागिता और जागरूकता का उदाहरण बन रही है। योजना से घर-घर नल पहुंचने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply