रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 16 सितंबर 2026। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर 16 सितंबर को वन छत्तीसगढ़ गर्ल्स बटालियन एनसीसी, परचनपाल के अधीन संचालित कन्या शिक्षा परिसर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत ओजोन परत संरक्षण विषय पर लेक्चर, जागरूकता रैली एवं वृक्षारोपण किया गया।

इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों एवं विद्यालय की छात्राओं ने मिलकर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को ओजोन परत के महत्व, उसके क्षरण के कारणों तथा ओजोन परत को होने वाले नुकसान को रोकने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
एनसीसी कैडेटों ने रैली के माध्यम से ओजोन परत संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने और प्रकृति की रक्षा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, एनसीसी अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण एवं ओजोन परत की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।