रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक

बकावण्ड, 16 सितंबर 2026। भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा बस्तर जिले के बकावण्ड ब्लॉक स्थित सद्भावना भवन में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत एक दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।



कार्यक्रम में ग्राम सरपंच डमरू मौर्य, परियोजना अधिकारी अभिलाषा यादव, स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर  रोहित पांडे, थाना प्रभारी  भोज कुमार गुप्ता, ब्लॉक पोषण समन्वयक दल सहाय बघेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

परियोजना अधिकारी अभिलाषा यादव ने राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्य पर जानकारी देते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित पोषण संबंधी सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर  रोहित पांडे ने बच्चों के समयबद्ध टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। वहीं, ब्लॉक पोषण समन्वयक दल सहाय बघेल ने आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन सहित सूक्ष्म पोषक तत्वों की भूमिका बताते हुए बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार पर जोर दिया।

बकावण्ड थाना प्रभारी  भोज कुमार गुप्ता ने साइबर अपराध एवं यातायात सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने संदिग्ध लिंक, ओटीपी एवं बैंक संबंधी जानकारी अनजान व्यक्तियों के साथ साझा नहीं करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट सहित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम स्थल पर पोषण आहार स्टॉल लगाया गया, जिसमें विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया गया। आयुष अधिकारी डॉ. सत्यम ठाकुर के नेतृत्व में लगभग 50 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी बी. एस. ध्रुव द्वारा प्रश्नमंच का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय पोषण माह, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को तत्काल पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही कुर्सी दौड़ एवं बाल पासिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी, जगदलपुर के कलाकारों ने गीत एवं नाटक के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेश प्रस्तुत किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, सहायिकाएं एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply