रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

19 सितंबर 2026, जगदलपुर /तोकापाल स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत आज तोकापाल विकासखंड में विकासखंड स्तरीय साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल ने छात्राओं को साइकिल का वितरण किया। योजना के तहत विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की कुल 624 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई।



साइकिल वितरण कार्यक्रम को दो जोन में आयोजित किया गया, ताकि विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं को सुगमता से योजना का लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान विधायक विनायक गोयल ने छात्राओं को साइकिल वितरित करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।



जोन-1 का साइकिल वितरण कार्यक्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोकापाल में आयोजित किया गया। इस जोन के अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोकापाल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजूर, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केशलूर, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े मोरठपाल, माता रुक्मणी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिमरापाल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ऐर्राकोट, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजकोट, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मावलीभाटा, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बड़े मोरठपाल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सालेपाल तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कलेपाल की छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। इस जोन में कुल 414 साइकिलों का वितरण किया गया।

इसी प्रकार जोन-2 का वितरण कार्यक्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोटानार में आयोजित किया गया। इस जोन के अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोटानार, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करंजी, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानसरगीपाल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाट धनोरा, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छापर भानपुरी, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरिसगुड़ा तथा डी.ए.वी. विद्यालय सिंगनपुर की छात्राओं को योजना का लाभ दिया गया। जोन-2 में कुल 210 साइकिलों का वितरण किया गया।

इस प्रकार दोनों जोन को मिलाकर तोकापाल विकासखंड में कुल 624 साइकिलों का वितरण क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विधायक विनायक गोयल ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं की शिक्षा को निरंतर आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलने से उनकी नियमित उपस्थिति और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने कहा कि साइकिल मिलने से विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और समय की बचत भी होगी।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी , जिला पंचायत सदस्य कामदेव बघेल, पदमनी कश्यप , जनपद अध्यक्ष रामबती भण्डारी , उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी , मण्डल अध्यक्ष सोमारू राम कश्यप , मेघराज ठाकुर , संतोष ठाकुर , बंटी ठाकुर , विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply