रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर,20 सितंबर 2026। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तोकापाल में मुंबई, महाराष्ट्र के मीडिया प्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों के प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय का भ्रमण किया। प्राचार्य श्री मुकेश कुमार सैनी ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में यातायात एवं संचार कनेक्टिविटी, डिजिटल शिक्षा और विकास के अवसरों से जुड़ी चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।
विद्यार्थियों ने अपने भविष्य के लक्ष्यों एवं आकांक्षाओं को भी साझा करते हुए बताया कि एकलव्य मॉडल स्कूल तोकापाल उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मार्गदर्शन एवं सकारात्मक वातावरण के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रहा है।
मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, जागरूकता एवं संवाद कौशल की सराहना की। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।