जगदलपुर, 27 सितंबर 2026/ महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन और जल-संरक्षण के लिए एक प्रभावी जरिया साबित हो रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड दरभा के अंतर्गत ग्राम पंचायत मावलीपदर 02 में मनरेगा के तहत कराया गया कुआँ निर्माण कार्य स्थानीय हितग्राही भुरसी पति सुदु के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव लेकर आया है। पहले सिंचाई के पर्याप्त साधन न होने की वजह से परिवार की खेती पूरी तरह मानसूनी बारिश पर टिकी थी, जिससे समय पर वर्षा न होने पर फसल प्रभावित होने की चिंता बनी रहती थी और कृषि से होने वाली आय भी काफी सीमित रह जाती थी।

     किसान परिवार की इसी समस्या के स्थाई समाधान के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में ग्राम पंचायत मावलीपदर 02 के क्रियान्वयन में दो लाख 83 हजार रुपए की स्वीकृत राशि से कुआँ निर्माण की पहल की गई, जिस पर एक लाख 80 हजार रुपए की राशि व्यय की गई है। इस निर्माण कार्य के दौरान परिवार को गाँव में ही मजदूरी और रोजगार का सहारा मिला, जिसने उनकी तात्कालिक आर्थिक स्थिति को मजबूती दी।  

कुंआ तैयार होने के बाद खेतों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिलने लगा है, जिससे खेती अधिक सुगम और व्यवस्थित हो गई है। पानी की सुनिश्चित उपलब्धता ने न सिर्फ बेहतर फसल उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ाया है, बल्कि परिवार की आजीविका को भी सुरक्षित और मजबूत किया है। रोजगार, सिंचाई और बेहतर पैदावार के इस संगम ने जहाँ किसान परिवार के जीवन में खुशहाली और भविष्य के प्रति नया भरोसा जगाया है, वहीं यह प्रयास पूरे गाँव के लिए प्रेरणा बन गया है कि जल-संरक्षण के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई दिशा दी जा सकती है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply