रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

28 सितंबर 2026, जगदलपुर। बाढ़ आपदा के बीच प्रभावित परिवारों की मदद और उनकी उचित देखभाल को लेकर वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद गौतम पाणिग्रही ने संवेदनशीलता के साथ लोगों के बीच रहकर सहयोग करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला छोड़ना उचित नहीं है, बल्कि उनकी जरूरतों को समझकर हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाना चाहिए।समुंद चौक स्थित कृष्ण मंदिर में बातचीत के दौरान पार्षद गौतम पाणिग्रही ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी जिम्मेदारी जनता के साथ खड़े रहने की है।

उन्होंने कहा, “हम सिर्फ जनता के हैं।” उनका कहना था कि बाढ़ से प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक सहयोग को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भोजन, पेयजल, सुरक्षित स्थान और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पार्षद ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के समन्वय से राहत कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत के समय प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
