रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

बीजापुर 29 सितम्बर 2026- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दंतेवाड़ा के सचिव अनंत दीप तिर्की ने जिला जेल, बीजापुर का भ्रमण कर जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में निरुद्ध बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा विधिक सहायता से संबंधित विषयों की जानकारी प्राप्त की।

तिर्की ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके विधिक अधिकारों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा करते हुए उनके प्रकरणों, न्यायालयीन कार्यवाही तथा विधिक सहायता की आवश्यकता के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यकतानुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी।

भ्रमण के दौरान उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित परीक्षा में शामिल होने वाले बंदियों से भी चर्चा की गई। उन्होंने शिक्षा एवं विधिक जागरूकता के माध्यम से बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला।सचिव श्री तिर्की ने जेल की आवासीय व्यवस्था, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। जेल प्रशासन द्वारा जेल में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर मनीष कुमार दिवाकर, सहायक जेल अधीक्षक, जिला जेल बीजापुर सहित जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दिवाकर ने जेल की व्यवस्थाओं एवं बंदियों से संबंधित आवश्यक जानकारी सचिव तिर्की को प्रदान की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किए जाने वाले ऐसे भ्रमण का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क एवं प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply