
जगदलपुर, 30 सितंबर 2026। आज दिनांक 30 सितंबर 2026 को जिला सैनिक सम्मेलन का आयोजन जिला कलेक्ट्रेट, जगदलपुर में अपर कलेक्टर, जिला बस्तर सी.पी. बघेल की अध्यक्षता में किया गया। सम्मेलन में बस्तर संभाग के जगदलपुर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा एवं नारायणपुर क्षेत्रों से आए पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों ने सहभागिता की।
सम्मेलन के दौरान बस्तर संभाग के पूर्व सैनिकों की ओर से कल्याण एवं पुनर्वास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे एवं मांगें जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर किशोर कुमार हिरवानी द्वारा प्रस्तुत की गईं। इनमें जगदलपुर में CSD कैंटीन की स्थापना हेतु भूमि आवंटन, पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार के अवसर, शहीद स्मारक कi सौंदर्यीकरण, ECHS चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा अन्य कल्याणकारी विषय शामिल रहे। सभी एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर द्वितीय विश्व युद्ध के वीर नारियों को अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही कैंसर से उपचाररत एक पूर्व सैनिक को राज्य सैनिक बोर्ड द्वारा स्वीकृत ₹50,000 की वित्तीय सहायता का चेक भी अपर कलेक्टर महोदय के कर-कमलों से प्रदान किया गया।
सम्मेलन में ग्रुप कैप्टन एस.के. पांडेय, मानद कैप्टन के.एल. कोस्ता, वारंट ऑफिसर जगदीश राय, नायब सूबेदार दामू राम, सूबेदार अरविंद सिंह एवं सूबेदार बी.पी. द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हवलदार सुब्रत साहा द्वारा किया गया।
सम्मेलन में गैर-शासकीय सदस्यों एवं समाजसेवियों सुबीर नंदी, दशरथ कश्यप, आनंद मोहन मिश्रा एवं संपत झा ने भी पूर्व सैनिकों की समस्याओं एवं उनके कल्याण से जुड़े विषयों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए।
जिला रोजगार कार्यालय की ओर से उपस्थित उप संचालक रोजगार श्री जयप्रकाश कौशिक ने पूर्व सैनिकों को शासन द्वारा निर्धारित आरक्षण के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने हेतु रोजगार विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे रोजगार मेलों की जानकारी दी तथा पूर्व सैनिकों से इन मेलों में अधिक से अधिक भाग लेकर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
सम्मेलन के समापन अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सी.पी. बघेल ने पूर्व सैनिकों के राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए सेवानिवृत्ति के पश्चात उनके पुनर्वास एवं सम्मानजनक रोजगार के लिए जिला प्रशासन एवं राज्य शासन की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं, आश्रितों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं समाजसेवियों की सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया।