विधायक विनायक गोयल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखा पत्र, किसानों को अतिरिक्त मुआवजा एवं प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की रखी मांग

2 अक्टूबर 2026, जगदलपुर / चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में विगत दिनों हुई अतिवृष्टि एवं बाढ़ से उत्पन्न गंभीर प्राकृतिक आपदा को लेकर विधायक विनायक गोयल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर प्रभावित परिवारों, किसानों एवं सार्वजनिक संपत्तियों के लिए विशेष राहत एवं पुनर्वास पैकेज स्वीकृत करने की मांग की है।विधायक गोयल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि लगातार हुई भारी बारिश तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि के कारण चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के अनेक ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

बाढ़ के कारण कई परिवारों के मकान पूर्ण अथवा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं खेतों में पानी भर जाने से खरीफ फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। अनेक किसानों की मेहनत की फसल बर्बाद होने के साथ-साथ पशुधन एवं घरेलू सामग्री के नुकसान से भी ग्रामीण परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हुआ है।

उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा का सबसे अधिक प्रभाव छोटे एवं सीमांत किसानों, भूमिहीन श्रमिकों, ग्रामीण परिवारों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों पर पड़ा है। ऐसे परिवारों को सामान्य राहत प्रावधानों के माध्यम से मिलने वाली सहायता पर्याप्त नहीं होगी। इसलिए प्रभावितों की वास्तविक क्षति का आकलन कर उन्हें अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है।विधायक विनायक गोयल ने अपने पत्र में बाढ़ एवं अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को फसल क्षति का शीघ्र एवं उचित मुआवजा देने तथा प्रभावित किसानों के फसल ऋण एवं केसीसी ऋण में राहत प्रदान करने, पूर्ण एवं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए नियमानुसार अधिकतम सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।

साथ ही जिन परिवारों ने अपने घर एवं घरेलू उपयोग की सामग्री गंवाई है, उन्हें तत्काल राहत सामग्री एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।उन्होंने क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों, नालियों, तटबंधों, सिंचाई नहरों तथा अन्य सार्वजनिक अधोसंरचनाओं की तत्काल मरम्मत के लिए विशेष बजट स्वीकृत करने की भी मांग की है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं जनजीवन जल्द सामान्य हो सके।

विधायक ने विशेष रूप से इंद्रावती नदी के तटीय क्षेत्रों में बसे बाढ़ प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया है। उन्होंने कहा कि नदी तट के संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के लिए स्थायी एवं सुरक्षित व्यवस्थापन की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके।

विधायक विनायक गोयल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इसे विशेष रूप से बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा प्रभावित क्षेत्र मानते हुए विशेष राहत एवं पुनर्वास पैकेज स्वीकृत किया जाए तथा प्रभावित परिवारों एवं किसानों को अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2025-26 में बाढ़ आपदा से क्षतिग्रस्त विभिन्न कार्यों की सूची स्वीकृति की प्रत्याशा में लंबित है।

इन कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की मांग भी मुख्यमंत्री से की गई है।विधायक गोयल ने कहा कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना, किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करना तथा क्षतिग्रस्त अधोसंरचना को शीघ्र बहाल करना होना चाहिए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावितों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक राहत एवं पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराएगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply