
रस्साकशी, कब्बडी और फुटबॉल में जनप्रतिनिधियों व अफसरों ने दिखाया दमखम
जगदलपुर, 28 अक्टूबर 2026/ खेल से बढ़ेगा बस्तर का भविष्य और नया बस्तर, नया संकल्प, खेल के संग के जोशीले संदेश के साथ बुधवार सुबह जगदलपुर का ऐतिहासिक इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम खेल भावना और असीम उत्साह नजर आया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन बस्तर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस एक दिवसीय जन-जागरूकता अभियान में स्थानीय युवाओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने हिस्सा लिया। सुबह 7 बजे से शुरू हुए इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य बस्तर ओलंपिक 2026 में जिले और ब्लॉक स्तर से शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना तथा अधिक से अधिक प्रतिभाओं को मंच तक पहुंचाना रहा।
स्टेडियम में आयोजित इस अभियान के दौरान मैदान पर उस वक्त उत्साह चरम पर पहुंच गया, जब विभिन्न खेलों के जीवंत प्रदर्शन के बीच जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें रस्साकशी के रोमांचक मुकाबले में आमने-सामने उतरीं। एक ओर जहां महापौर श्री संजय पांडे और नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने पूरा जोर लगाया, वहीं दूसरी ओर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना की अगुवाई में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने भी अपने जबरदस्त दम-खम का परिचय दिया। इसके साथ ही फुटबॉल मैदान पर जिला पंचायत सीईओ श्री तन्मय खन्ना ने बेहतरीन खेल कौशल और फुर्ती दिखाते हुए दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
मैदान पर हुए इन मुकाबलों ने उपस्थित युवाओं और दर्शकों में नई ऊर्जा का संचार कर दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने युवाओं के साथ कब्बडी में भी हिस्सा लिया।इस मौके पर महापौर श्री संजय पाण्डेय और नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन ने नागरिकों और युवा खिलाड़ियों से अपील की गई कि वे आगे आकर इस खेल महोत्सव का हिस्सा बनें। इस दौरान 30 अक्टूबर तक चलने वाली निःशुल्क पंजीयन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई, जिसके तहत इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल https://rymc.cg.gov.in/bastarOlympic पर जाकर अथवा प्रचार सामग्रियों में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके सीधे अपना पंजीयन करा सकते हैं।
इस जन-जागरूकता अभियान के बाद खेल स्पर्धाओं का विधिवत आगाज होगा, जिसमें 01 से 13 नवंबर तक विकासखंड स्तर पर, 16 से 25 नवंबर तक जिला स्तर पर और अंत में 07 से 11 दिसंबर तक संभाग स्तर पर तीरंदाजी, कराटे, एथलेटिक्स, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन और रस्साकशी जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।