एनएमडीसी भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

बस्तर के युवाओं को मिले रोजगार में प्राथमिकता : सांसद महेश कश्यप

2 नवंबर 2026 जगदलपुर । दंतेवाड़ा में एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने तथा उन्हें रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय युवाओं के हितों,भर्ती प्रक्रिया में उनकी सहभागिता तथा रोजगार के अवसरों से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवाओं को उनके ही क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है l एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 भर्ती सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए,ताकि उन्हें अपनी योग्यता और क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त हो सके। इस विषय पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। हमें उम्मीद है कि स्थानीय युवाओं के हित में सकारात्मक पहल होगी।

दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा सहित संपूर्ण बस्तर के युवाओं में प्रतिभा और कार्यक्षमता की कोई कमी नहीं है। जिस क्षेत्र के संसाधनों से देश के विकास को गति मिल रही है,उस क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के माध्यम से विकास की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें न्यायसंगत अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। हमारा निरंतर प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित हो।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि एनएमडीसी की भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक पहल की जाए, जिससे बस्तर के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें और क्षेत्र के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।

इस अवसर पर दंतेवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी,उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम,जिला पंचायत सदस्य सोमरू कड़ती,करण तामो,राजू कड़ती,रवि नाग,सुनील मंडावी,ईश्वर कुमार,सुनील मड़ावी,सुरेश कश्यप सहित अन्य युवा साथी एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।


By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply