जगदलपुर, 13 नवंबर 2026/ जिले में ग्रामीण विकास कार्यों के सुचारू और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत, बस्तर द्वारा विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) योजना अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत मेटों को प्रशिक्षण दिया गया।

इस प्रशिक्षण सत्र के दौरान मेटों को उनके कार्यक्षेत्र से जुड़ी विभिन्न डिजिटल प्रणालियों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम, जनग्राम और भू ग्राम पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इसके साथ ही, कार्यस्थल पर मेट पंजी के सही संधारण, अन्य मेट संबंधी दायित्वों और विकसित ग्राम पंचायत प्लान प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को भी बारीकी से समझाया गया।

जिला पंचायत, बस्तर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण की इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए आगामी सप्ताह में जनपद पंचायत स्तर पर क्लस्टरवार पुनः प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि जिले के समस्त मेटों को शत-प्रतिशत प्रशिक्षित किया जा सके।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता और डिजिटल मॉनिटरिंग को सुदृढ़ बनाना है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply