कार्यशाला में दिया गया वन धन विकास केंद्र के संचालन का प्रशिक्षण

जगदलपुर, 13 नवम्बर 2026/ बस्तर जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिले के बकावंड, तोकापाल और लोहण्डीगुड़ा विकासखंड में तीन नए वनधन विकास केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और ट्राईफेड इंडिया के संयुक्त समन्वय से स्थापित होने वाले इन केंद्रों का संपूर्ण संचालन स्वयं सहायता समूह की बिहान दीदियां करेंगी।

इन केंद्रों के सुचारू संचालन और प्रत्येक केंद्र के लिए स्वीकृत 15 लाख रुपये के बजट के प्रभावी व्यय पर समझ विकसित करने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत बस्तर के विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) शाखा में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला में वनधन केंद्रों के तहत गठित समितियों के पदाधिकारियों सहित ब्लॉक स्तर के बीपीएम, क्षेत्रीय समन्वयक (एसी), एफपीसी सीईओ और उत्पादक समूह (पीजी) के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान ट्राईफेड इंडिया से आए प्रतिनिधि अमित दुबे, वन विभाग से अविनाश जी कीर्तिवर्धन, बिहान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक और क्षेत्रीय समन्वयकों ने प्रतिभागियों को केंद्र के दैनिक संचालन, सदस्यों की भूमिका तथा वनोपजों के वैज्ञानिक संग्रहण, सुरक्षित भंडारण और प्रसंस्करण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया।

इसके साथ ही स्वीकृत 15 लाख रुपये के बजट का किन-किन मदों में उपयोग किया जाना है, बिल-वाउचर का सही संधारण कैसे हो और लेखा-जोखा में पूर्ण पारदर्शिता कैसे रखी जाए, इस पर भी गहन चर्चा की गई।

कार्यशाला में बकावंड, तोकापाल और लोहण्डीगुड़ा केंद्रों के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार करते हुए क्षेत्र की प्रमुख वनोपजों जैसे महुआ, इमली, हर्रा, बहेड़ा, आंवला, शहद और लाख को प्रसंस्करण हेतु चिन्हांकित किया गया। विशेषज्ञों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि दीदियां कच्चा वनोपज बेचने के बजाय उनका प्रसंस्करण कर आकर्षक पैकेजिंग और ब्रांडिंग करें, ताकि ट्राईफेड के माध्यम से उन्हें बड़े बाजारों से जोड़कर अधिक मुनाफा कमाया जा सके।

कार्यशाला में ट्राईफेड के प्रतिनिधि अमित दुबे ने कहा कि वनधन केंद्र केवल वनोपज संग्रहण का स्थान नहीं हैं, बल्कि यह दीदियों का अपना उद्यम है, जहां बजट का सही उपयोग और समय पर कार्ययोजना लागू करना ही सफलता की कुंजी है। वहीं वन विभाग के अविनाश जी कीर्तिवर्धन ने वनोपज संग्रहण में विभाग के सहयोग, वन अधिकार और पर्यावरण अनुकूल सतत् संग्रहण के नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने कहा कि प्राकृतिक वन संपदा से समृद्ध बस्तर में इन तीन नए केंद्रों के खुलने से सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही सीधा रोजगार मिलेगा और उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने सभी समिति पदाधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ केंद्रों के संचालन का आह्वान किया। कार्यशाला के अंत में दीदियों ने अपने विचार व्यक्त कर सवाल भी रखे, जिनका अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply