
एक हेक्टेयर तालाब में वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन कर प्राप्त किया 200 किलोग्राम मछली उत्पादन
’’मत्स्य पालन बना अतिरिक्त आय का जरिया, अन्य ग्रामीणों के लिए भी प्रेरणास्रोत’’
बीजापुर 16 नवंबर 2026- जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन आजीविका संवर्धन एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रहा है। शासन की योजनाओं और मत्स्य पालन विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन से ग्रामीण कृषक उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत ग्राम अर्जुनली निवासी मत्स्य कृषक श्री निखिल कुमार कोरम ने मत्स्य पालन को अतिरिक्त आय का साधन बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय पहल की है।
’’एक हेक्टेयर तालाब बना आजीविका का आधार’’- ग्राम अर्जुनली निवासी श्री निखिल कुमार कोरम द्वारा अपने 1.00 हेक्टेयर क्षेत्रफल के तालाब में मत्स्य पालन किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र में उपलब्ध जल संसाधनों का सदुपयोग करते हुए पारंपरिक आजीविका के साथ मत्स्य पालन को अपनाया। उनकी यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से आय बढ़ाने की संभावनाओं को प्रदर्शित करती है।
’वैज्ञानिक पद्धति और विभागीय मार्गदर्शन से मिला बेहतर उत्पादन’’- मत्स्य पालन विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन एवं सलाह के अनुरूप श्री कोरम द्वारा तालाब की समुचित तैयारी, गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का संचयन, संतुलित आहार प्रबंधन तथा तालाब की नियमित देखरेख पर विशेष ध्यान दिया गया। वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन करने के परिणामस्वरूप उन्हें बेहतर मत्स्य उत्पादन प्राप्त हो रहा है। वर्तमान में श्री कोरम अपने 1.00 हेक्टेयर तालाब से लगभग 200 किलोग्राम मछली का उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं। मत्स्य उत्पादन से उन्हें अतिरिक्त आय का साधन मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में सहायता मिल रही है। इस उपलब्धि से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है तथा मत्स्य पालन व्यवसाय को आगे बढ़ाने के प्रति उत्साह भी बढ़ा है।
’’ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में सार्थक पहल’’- निखिल कुमार कोरम की यह पहल दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध तालाबों एवं अन्य जल संसाधनों का योजनाबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से उपयोग कर मत्स्य पालन को लाभकारी आजीविका गतिविधि के रूप में विकसित किया जा सकता है। मत्स्य पालन से न केवल कृषकों को अतिरिक्त आय प्राप्त होती है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।’
’अन्य किसानों के लिए बने प्रेरणास्रोत’’- ग्राम अर्जुनली के निखिल कुमार कोरम का प्रयास आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य कृषकों के लिए प्रेरणादायक बन रहा है। उनकी सफलता से यह संदेश मिल रहा है कि विभागीय तकनीकी मार्गदर्शन, मेहनत और उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग से ग्रामीण परिवार अपनी आजीविका के साधनों का विस्तार कर सकते हैं।