
6 प्रतिभागियों का राज्य स्तर के लिए चयन
जगदलपुर, 19 नवम्बर 2026/ युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विकसित भारत यूथ लीडरशिप डायलॉग के अंतर्गत पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा माय भारत जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में संपन्न हुआ।
संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्तर से इस प्रतियोगिता के लिए कुल 34 प्रतिभागियों का चयन किया गया था। इनमें से 10 प्रतिभागियों ने मंच पर उपस्थित होकर निबंध प्रतियोगिता पर आधारित अपना पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर अपने विचार रखे।
प्रतिभागियों के मूल्यांकन हेतु 5 सदस्यीय निर्णायक समिति का गठन किया गया था। इस समिति में अपर कलेक्टर बस्तर दिलेराम डाहिरे, प्रभारी सहायक संचालक सुशांत पॉल, नारायण सिंह बघेल, डॉ. गंगाराम कश्यप और विनय शिंदे शामिल रहे।
निर्णायकों द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर प्रतियोगिता के टॉप-6 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। ये चयनित युवा आगामी दिसंबर 2026 में बिलासपुर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।