
लोहण्डीगुड़ा में में आयोजित शिविर में दिव्यांगजनों को भी मिली स्वास्थ्य एवं शासकीय योजनाओं की सुविधा
जगदलपुर, 19 नवंबर 2026/ कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोहण्डीगुड़ा में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में ‘सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन एवं सशक्तिकरण सम्मेलन’ एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिकलसेल पीड़ित मरीजों के साथ विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं एवं अन्य हितग्राहियों को स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता प्रमाणीकरण तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में कुल 224 हितग्राहियों को विभिन्न सेवाओं से प्रत्यक्ष तौर पर लाभान्वित किया गया। जिला स्तर से पहुंची मेडिकल बोर्ड की विशेषज्ञ टीम द्वारा हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं दिव्यांगता संबंधी प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान कुल 225 मरीजों की जांच की गई तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक पहल की गई।
शिविर में 74 नए यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। इनमें सेरेब्रल पाल्सी के 19, अस्थि बाधित के 18, सिकलसेल के 17, अल्प दृष्टि के 9, बौद्धिक दिव्यांगता के 6, श्रवण बाधित के 4 तथा थैलेसीमिया का एक प्रकरण शामिल है। इसके अतिरिक्त 12 नए आधार कार्ड, 11 आभा आईडी तथा 6 राशन कार्ड से संबंधित मामलों का भी त्वरित निराकरण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने ग्रामीणों को सिकलसेल एनीमिया के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और नियमित स्वास्थ्य परामर्श के महत्व की जानकारी दी। साथ ही दिव्यांगजनों को उपलब्ध शासकीय सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य सिकलसेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही प्रभावित मरीजों और दिव्यांगजनों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनेश्वर पाण्डे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी शालिनी तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम राजेन्द्र कुमार बघेल, बीईटीओ सकरु राम मौर्य सहित समस्त सेक्टर सुपरवाइजर एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रक्रियाओं के बाद हितग्राहियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। इसके पश्चात स्टाफ के माध्यम से हितग्राहियों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
इस प्रकार शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों, दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।