23 नवंबर 2026, जगदलपुर। विश्व हिंदू परिषद द्वारा राष्ट्रव्यापी ‘हित चिंतक महाअभियान’ की शुरुआत 22 नवंबर से कर दी गई है। बस्तर जिले में अभियान का शुभारंभ जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से किया गया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में संगठन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।यह 15 दिवसीय महाअभियान 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक संचालित किया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य हिंदू समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाना, जनसंपर्क के माध्यम से संगठन का विस्तार करना तथा लोगों को धर्म, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक कार्यों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान विश्व हिंदू परिषद के प्रणेता स्वर्गीय अशोक सिंघल जी के जन्मशताब्दी वर्ष को समर्पित है।अभियान के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु के युवा एवं युवतियां हित चिंतक के रूप में संगठन से जुड़ सकते हैं। इसके लिए डिजिटल माध्यम से जुड़ने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। संगठन द्वारा एक विशेष एप के माध्यम से 20 रुपये के डिजिटल कूपन के जरिए हित चिंतक बनने की व्यवस्था की गई है।इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री रवि ब्रह्मचारी ने बताया कि संगठन द्वारा प्रत्येक तीन वर्ष में हित चिंतक महाअभियान चलाया जाता है।

इसके माध्यम से सनातनी समाज के लोगों से सीधा संपर्क कर उन्हें अपनी धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के प्रति जागरूक किया जाता है। उन्होंने सभी सनातनी बंधुओं से अभियान में सहभागी बनकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने, विश्व हिंदू परिषद द्वारा संचालित सेवा कार्यों की जानकारी समाज तक पहुंचाने तथा इन कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। यह अभियान बस्तर जिले के सभी प्रखंडों में संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम में विहिप जिला अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता, जिला मंत्री नवीन देवगन, विष्णु ठाकुर, बजरंग दल जिला संयोजक जागेश्वर साहू, अर्जुन परिहार, पंकज मिश्रा, धनंजय सिंह, सवाई प्रकाश गोस्वामी, नगर अध्यक्ष प्रतीक गुरु, घनश्याम नाग, भवानी चौहान, राजू तोमर, अनिल सेठिया, शत्रुघ्न कश्यप, त्रिलोचन सहित मातृशक्ति की ओर से सुशील साओ, जयंती नाग एवं चारु चौहान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगर अध्यक्ष प्रतीक गुरु का विशेष सहयोग रहा।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply