
प्रशासन की चुप्पी पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने उठाए सवाल
24 नवंबर 2026, जगदलपुर। बस्तर जिले में आई भीषण बाढ़ का दर्द आज भी किसानों और गरीब परिवारों के घरों में साफ दिखाई दे रहा है। जगदलपुर के समीप ग्राम आसना के छेपरागुड़ा पारा में बाढ़ प्रभावित कई परिवार आज भी शासन-प्रशासन की उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि प्रभावित परिवारों के छोटे-छोटे बच्चे ठंड के दिनों में खुले आसमान के नीचे झिल्ली (प्लास्टिक) तानकर जीवन गुजारने को मजबूर हैं। आखिर इन गरीब परिवारों का कसूर क्या है, जिन्हें आज तक उचित मुआवजा और राहत नहीं मिल पाई?

भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिला बस्तर के जिला अध्यक्ष रमेश गोयल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि बाढ़ के दौरान कई दिनों तक इन परिवारों के घरों में पानी भरा रहा। घरों को भारी नुकसान पहुंचा, कई मकान गिरने की कगार पर पहुंच गए। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा गांव पहुंचकर निरीक्षण किया गया, पीड़ित परिवारों के दस्तावेज भी लिए गए, लेकिन आज तक कई परिवारों को मुआवजे के नाम पर केवल इंतजार ही मिला है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुछ प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जा चुका है, तो बाकी पीड़ित परिवारों के साथ यह भेदभाव क्यों? क्या शासन-प्रशासन के पास इसका कोई जवाब है? क्या नुकसान का आकलन परिवारों की वास्तविक स्थिति के आधार पर हुआ है या फिर कुछ परिवारों को राहत देकर बाकी लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है?
रमेश गोयल ने कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि और शासन की योजनाएं गरीबों की चौखट तक पहुंच जाती हैं, लेकिन जब आपदा में गरीब परिवारों के घर उजड़ जाते हैं, तब उनकी सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आता। आखिर इन पीड़ित परिवारों के छोटे बच्चों की चिंता कौन करेगा? ठंड के इस मौसम में झिल्ली तानकर रहने को मजबूर परिवारों की जिम्मेदारी कौन लेगा?
भारतीय किसान यूनियन टिकैत की टीम ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा और समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से जाना। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संगठन चुप नहीं बैठेगा।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिला बस्तर की प्रमुख मांगें हैं:
1.आसना के छेपरागुड़ा पारा के सभी वास्तविक बाढ़ प्रभावित परिवारों का पुनः निष्पक्ष सर्वे कराया जाए।
2.जिन परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, उन्हें तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए।
3.जिन मकानों में पानी घुसने से मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं या गिरने की कगार पर हैं, उन्हें नियमानुसार क्षतिपूर्ति एवं आवास सहायता प्रदान की जाए।
खुले आसमान के नीचे 4.झिल्ली तानकर रहने वाले परिवारों को तत्काल अस्थायी आवास एवं आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
5.मुआवजा वितरण में हुए कथित भेदभाव की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा जाए।
रमेश गोयल ने चेतावनी देते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ित परिवारों को उनका अधिकार दिलाना भारतीय किसान यूनियन टिकैत की प्राथमिकता है। जब तक प्रत्येक वास्तविक प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा, आवास सहायता और न्याय नहीं मिलता, तब तक यूनियन उनकी आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी। जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
अब सवाल सिर्फ मुआवजे का नहीं, बल्कि उन गरीब परिवारों के सम्मान, बच्चों के भविष्य और उनके सिर पर छत का है। प्रशासन जवाब दे—आखिर बाढ़ पीड़ितों के साथ यह भेदभाव कब तक चलेगा? इस कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार जी तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल जी सहित अन्य किसान साथी उपस्थित थे।