
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता पर रहेगा विशेष जोर
छह चरणों में होंगे विविध जागरूकता कार्यक्रम, उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली बेटियों का होगा सम्मान
बीजापुर, 24 नवंबर 2026/ बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा समाज में लैंगिक समानता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार बीजापुर जिले में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत 60 दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 19 नवंबर 2026 से 17 जनवरी 2027 तक चलेगा। अभियान के माध्यम से बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनके अधिकारों के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता लाई जाएगी।अभियान का शुभारंभ 19 नवंबर को वीरांगना दिवस के अवसर पर स्वामी आत्मानंद विद्यालय बीजापुर में किया गया। इस दौरान बेटियों के सम्मान, लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण पर विशेष संवाद आयोजित किया गया।
छह चरणों में संचालित होगा विशेष अभियान
मिशन शक्ति सप्ताह (19 से 28 नवंबर) – अभियान के प्रथम चरण में बेटियों के सम्मान एवं सुरक्षा की शपथ, परिवार में बेटियों को समान महत्व देने पर संवाद, महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा अवैध भ्रूण लिंग परीक्षण की रोकथाम के लिए पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता (29 नवंबर से 8 दिसंबर) – बेटियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा वॉक, पुलिस एवं महिला हेल्प डेस्क से संवाद, घरेलू हिंसा से संरक्षण, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन उत्पीड़न से बचाव के संबंध में जानकारी दी जाएगी।शिक्षा एवं कल्याण (9 से 18 दिसंबर) – शाला त्यागी बालिकाओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, अभिभावक-शिक्षक संवाद, छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी, करियर मार्गदर्शन तथा मानसिक स्वास्थ्य के लिए सहेली सपोर्ट सेशन आयोजित किए जाएंगे।
खेल एवं स्वास्थ्य (19 से 28 दिसंबर) – बालिकाओं की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए दौड़, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतिभावान बेटियों को खेल अकादमी से जोड़ने की पहल के साथ ही पोषण, माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य परीक्षण एवं एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।आर्थिक सशक्तिकरण एवं कानूनी जागरूकता (29 दिसंबर से 7 जनवरी) – बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (स्टेम), करियर काउंसलिंग तथा महिला उद्यमियों से संवाद के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसके अलावा पिंक ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी पॉश अधिनियम, बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं मानव तस्करी की रोकथाम से संबंधित कानूनों की जानकारी दी जाएगी।उपलब्धियों का उत्सव (8 से 17 जनवरी) – अभियान के अंतिम चरण में शिक्षा, खेल, विज्ञान एवं कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली बेटियों को सम्मानित किया जाएगा। ‘बेटी की बात’ के अंतर्गत कविता, निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के साथ ही सफल बेटियों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।*विभागीय समन्वय से बेटियों के सशक्तिकरण को मिलेगी गति*अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, खेल एवं युवा कल्याण, कौशल विकास, पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।इस विशेष अभियान के माध्यम से बेटियों के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा सुरक्षित, शिक्षित, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भविष्य के निर्माण की दिशा में सार्थक पहल की जाएगी।