
प्रभारी सचिव अमित कटारिया ने विकास कार्यों की समीक्षा कर नियद नेल्लानार योजना एवं बस्तर मुन्ने के बेहतर क्रियान्वयन पर जताई प्रसन्नता
जगदलपुर, 25 नवम्बर 2026/ जिले में चल रही धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने, किसानों को हरसंभव सुविधा देने और अवैध धान की आवक पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बुधवार को समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में आयोजित इस बैठक में जिले के प्रभारी सचिव श्री अमित कटारिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान खरीदी समेत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप खरीदी केंद्रों पर किसानों की सहूलियत का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसान सुगमता के साथ अपनी उपज विक्रय कर सकें। उन्होंने शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के माध्यम से धान की फसल लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की आदान सहायता का व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए और कहा कि यह योजना किसानों के लिए बहुत ही फायदेमंद है। अब किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की बाध्यता खत्म हो गई है।
बैठक के दौरान प्रभारी सचिव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा पारस पोर्टल की समीक्षा के दौरान बस्तर जिले में विकास कार्यों की गति की प्रशंसा की गई है। उन्होंने इस गति को निरंतर बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही नियद नेल्लानार योजना एवं बस्तर मुन्ने के क्रियान्वयन प्रगति की समीक्षा की और बेहतर कार्यान्वयन के लिए सराहना की।
प्रभारी सचिव श्री अमित कटारिया ने किसानों की सहूलियत के साथ-साथ व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अवैध रूप से धान जमा करने, रीसाइक्लिंग करने तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा सहित बाहर से अवैध धान आवक की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में जिले के सभी 88 धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और संभावित असमय बारिश को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर तिरपाल, ड्रेनेज, नाप-तौल एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने तथा लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने प्रभारी सचिव का आभार जताते हुए विश्वास दिलाया कि किसानों को सहज अनुभव प्रदान करने और अवैध धान पर रोक लगाने के लिए पूरी गंभीरता व प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा। इस बैठक में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा, सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा बीईओ एवं बीआरसी जुड़े रहे।