सरकारी योजनाओं के दावों की खुली पोल, सातों ब्लॉकों में बदहाल व्यवस्था को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने दी आंदोलन की चेतावनी

27 नवंबर 2026, जगदलपुर। बस्तर जिले के नानगुर ब्लॉक अंतर्गत कुलगांव में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिला बस्तर ने ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। ग्रामीणों की शिकायत पर गांव पहुंची यूनियन की टीम को ऐसी स्थिति देखने को मिली, जो शासन-प्रशासन के विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

कुलगांव के ग्रामीण आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, पक्की सड़क, नाली, नियमित बिजली और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति पेयजल व्यवस्था की है। सरकार जहां हर घर तक नल से जल पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं कुलगांव के ग्रामीणों को अपने घरों तक पानी पहुंचाने के लिए खुद संघर्ष करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रत्येक घर से लगभग 2,000 रुपये का सहयोग जुटाकर स्वयं मोटर खरीदी और पाइपलाइन बिछाई, तब जाकर अपने घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था कर पाए।

सवाल यह है कि जब ग्रामीणों को अपनी जेब से पैसा खर्च करके पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है, तो सरकारी पेयजल योजनाओं का लाभ आखिर किसे मिल रहा है?

भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष रमेश गोयल ने शासन-प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों और सरकारी दावों तक सीमित रह गई हैं। धरातल पर आज भी किसान, मजदूर और ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। बस्तर जिले के सातों ब्लॉकों में अनेक गांवों की स्थिति चिंताजनक है। आज भी कई परिवारों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ता है। सड़क, नाली, स्वास्थ्य और बिजली जैसी सुविधाओं का अभाव ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी को कठिन बना रहा है।रमेश गोयल ने कहा कि कुलगांव जैसे गांव, जो जिला मुख्यालय से लगभग 8 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं, वहां यदि मूलभूत सुविधाओं की यह स्थिति है, तो जिले के अंदरूनी और दूरस्थ गांवों की हालत का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। ग्रामीणों को उनका अधिकार दिलाना भारतीय किसान यूनियन की प्राथमिकता है।

अच्छा स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, बेहतर सड़क, नाली और पर्याप्त बिजली कोई सरकार की मेहरबानी नहीं, बल्कि जनता का बुनियादी अधिकार है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन-प्रशासन ने कुलगांव सहित बस्तर जिले के मूलभूत समस्याओं का तत्काल निराकरण नहीं किया, तो भारतीय किसान यूनियन टिकैत किसान, मजदूर और ग्रामीणों को साथ लेकर चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, गांवों में धरातल पर विकास दिखाई देना चाहिए।

इस दौरान संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार, बस्तर जिला अध्यक्ष रमेश गोयल, तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल सहित भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं किसान साथी उपस्थित रहे।भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिला बस्तर का स्पष्ट संदेश है—गांवों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं होगी, ग्रामीणों को उनका अधिकार दिलाने के लिए सड़क से लेकर शासन-प्रशासन के दरवाजे तक संघर्ष किया जाएगा।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply