
जगदलपुर, 27 नवंबर 2026/ संविधान दिवस के पावन अवसर पर गुरूवार को मेरा युवा भारत, बस्तर के तत्वावधान में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर में ‘युवा संवाद दृ संविधान दिवस विशेष संस्करण’ का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान, राष्ट्र निर्माण की भावना और ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर स्पोर्ट्स आइकॉन नैना सिंह धाकड़ और यूथ आइकॉन पुष्पांजलि बिसोई ने ‘विकसित भारत 2047’ तथा ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ विषयों पर अपने प्रभावशाली विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की ऊर्जा और नेतृत्व निर्णायक है, इसलिए युवाओं को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, अपनी जिम्मेदारियों को समझने और समाज के प्रति सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए आगे आना होगा।
आयोजन के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सचेत करने के लिए एक विशेष जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने उपस्थित जनों को गहराई से प्रभावित किया। संविधान दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और न्याय, स्वतंत्रता, समानता व बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह युवा संवाद बस्तर के युवाओं को संवैधानिक आदर्शों, सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की नई ऊर्जा प्रदान कर गया।