जगदलपुर, 14 जुलाई 2025।

खरीफ सीजन 2025 के अंतर्गत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर ने बस्तर संभाग के एक लाख 15 हजार किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर 600 करोड़ रुपए से अधिक का अल्पकालीन फसल ऋण वितरित किया है। साथ ही आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को 58,159 मैट्रिक टन उर्वरक एवं 33,062 क्विंटल बीज प्रदान किए गए हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.एस. ध्रुव ने बताया कि कलेक्टर एवं बैंक के प्राधिकृत अधिकारी श्री हरिस एस के निर्देशन में ‘सहकार से समृद्धि’ योजना के तहत किसानों को लगातार लाभ दिया जा रहा है। खरीफ ऋण वितरण का लक्ष्य 950 करोड़ रुपए रखा गया था, जिसमें अब तक 600 करोड़ 74 लाख रुपए जारी किए जा चुके हैं।

 जिलेवार ऋण वितरण

बस्तर: 24,256 किसानों को ₹162.53 करोड़

कोंडागांव: 23,301 किसानों को ₹122.63 करोड़

कांकेर: 45,921 किसानों को ₹186.93 करोड़

सुकमा: 7,359 किसानों को ₹41.04 करोड़

बीजापुर: 7,798 किसानों को ₹49.16 करोड़

नारायणपुर: 4,351 किसानों को ₹25.66 करोड़

दंतेवाड़ा: 1,943 किसानों को ₹12.79 करोड़

इसके अलावा इस सीजन में सुगंधित धान, कोदो-कुटकी, रागी, मक्का, मूंगफली, दलहन-तिलहन व उद्यानिकी फसलों हेतु भी अब तक 30 करोड़ 74 लाख रुपए का ऋण किसानों को वितरित किया गया है।

 खाद एवं बीज वितरण
बस्तर संभाग में उर्वरक भंडारण लक्ष्य 1,06,065 मैट्रिक टन रखा गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 71,772 मैट्रिक टन भंडारण और 58,159 मैट्रिक टन का वितरण किया गया। दंतेवाड़ा जैविक जिला होने से यहां उर्वरक का वितरण नहीं किया गया। बीज वितरण के लिए 54,648 क्विंटल लक्ष्य के विरुद्ध 40,587 क्विंटल भंडारण कर 33,062 क्विंटल बीज बांटे गए हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि डीएपी खाद के विकल्प के रूप में एसएसपी एवं एनपीके खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

 खरीफ सीजन के दौरान अल्पकालीन फसल ऋण वितरण व बीज-खाद आपूर्ति का कार्य तेज गति से जारी है।

रिपोर्ट: ओम साहू

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply