जगदलपुर: पंचायत चुनाव के दौरान अड़ावल पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित बैलेट पेपर संकलन केंद्र में तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान न सिर्फ नशे में धुत पाए गए, बल्कि डीजे की तेज धुन पर डांस और आपसी विवाद भी करते नजर आए। इस दौरान वहां मौजूद आरक्षक विनय मरकाम और पुलिस लाइन के कुछ अन्य अधिकारियों के साथ उनके परिजन भी शामिल थे।
पत्रकारों के पहुंचते ही बदला रवैया
सूचना मिलने पर जब मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे, तो सभी पुलिसकर्मियों ने रौब झाड़ना शुरू कर दिया, लेकिन जैसे ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Add. SP) महेश्वर नाग और पेट्रोलिंग पार्टी बोधघाट पहुंची, तो सभी पुलिसकर्मी वहां से भाग खड़े हुए।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल
बैलेट पेपर संकलन केंद्र जैसी संवेदनशील जगह पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा इस तरह की लापरवाही न केवल कानून व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
प्रशासन से जवाब तलब की मांग
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सवाल यह उठता है कि इतनी महत्वपूर्ण ड्यूटी में तैनात सुरक्षाकर्मी इतनी गंभीर लापरवाही क्यों कर रहे थे? क्या प्रशासन इस मामले की जांच करेगा? क्या दोषियों पर कोई कार्रवाई होगी?
मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी
चुनाव की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।