रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

26 अप्रैल 2026, जगदलपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड का प्रसारण हुआ। बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने जगदलपुर विधानसभा अंतर्गत दरभा मंडल के नेगानार शक्ति केंद्र स्थित लेंड्रा बूथ क्रमांक 259 में स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर इस कार्यक्रम को सुना।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में देश की वैज्ञानिक ताकत और अंतरिक्ष उपलब्धियों पर कहा कि भारत ने हमेशा विज्ञान को विकास का सशक्त माध्यम माना हैl वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत से आज भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है,जो राष्ट्र निर्माण की रीढ़ बन चुका है। प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के कलपक्कम में स्थित स्वदेशी ‘फास्ट ब्रीडर रिएक्टर’ के ‘क्रिटिकलिटी’ हासिल करने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और इसे आत्मनिर्भर भारत की वैज्ञानिक जीत करार दिया। उन्होंने यह भी साझा किया कि भारत अब 56 गीगावॉट से अधिक क्षमता के साथ पवन ऊर्जा के मामले में दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

आगामी जनगणना अभियान पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि ‘जनगणना 2027’ पूरी तरह डिजिटल होगी, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनेगी। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहेगी। नई व्यवस्था के तहत नागरिक स्वयं भी अपनी जानकारी भर सकेंगे, जिसके बाद उन्हें एक विशेष आईडी मिलेगी। उन्होंने इसे आधुनिक तकनीक से जुड़ा एक बड़ा सुधार बताया और देशवासियों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
प्रधानमंत्री ने भारत के डेयरी सेक्टर में हो रहे बदलावों और ‘भारतीय चीज’ की वैश्विक सफलता का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ब्राजील में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय चीज ब्रांड्स ने पुरस्कार जीतकर देश का मान बढ़ाया है। इसके साथ ही उन्होंने ‘यूरोपीय गर्ल्स मैथमेटिकल ओलंपियाड’ में भारतीय छात्राओं के शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय अभिलेखागार के नए डिजिटल पोर्टल की शुरुआत और उत्तर पूर्वी भारत के बांस उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

गणतंत्र पर्व से लेकर बीटिंग रिट्रीट समारोह तक की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने भारतीय संगीत की बढ़ती लोकप्रियता के बारे मे बताया । आगामी बुद्ध पूर्णिमा की अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए उन्होंने भगवान बुद्ध के ‘स्वयं पर विजय’ और ‘भीतरी शांति’ के संदेश को आज के तनावपूर्ण समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया। अंत में उन्होंने स्कूली बच्चों को छुट्टियों का आनंद लेने के साथ साथ कुछ नया सीखने की भी प्रेरणा दी।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकदेई कश्यप, जिला पंचायत सदस्य सम्पति नाग, जनपद उपाध्यक्ष हरिप्रसाद कश्यप, जिला मंत्री फुलसिंग सेठिया, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष संतोष बघेल, मण्डल महामंत्री नारायण कुरानी, जनपद सदस्य जयमनी मौर्य, सरपंच सूबेदार बघेल, महादेव नाग, सुरेश सिंग, दिनेश पांडे, सुशील त्रिपाठी, मूलचंद सेठिया सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामवासी एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।