रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 01 जून 2026/ जिले के दरभा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ककालगुर के आश्रित ग्राम भडरीमऊ और आसपास के ग्रामीणों को राशन लेने के लिए मीलों का सफर तय करने की परेशानी से अब हमेशा के लिए मुक्ति मिलने वाली है चूंकि शासन द्वारा भडरीमऊ में जल्द ही एक नई शासकीय उचित मूल्य की दुकान खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तोकापाल द्वारा आधिकारिक 05 जून तक योग्य समितियों से आवेदन भी आमंत्रित किए गए हैं। दरअसल बीते 09 अप्रैल 2026 को आयोजित ‘समाधान शिविर’ में ग्रामीणों की इस दिक्कत को देखते हुए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने तत्काल भडरीमऊ में नई शासकीय उचित मूल्य दुकान खोलने के निर्देश दिए थे, जिसके अनुपालन में तोकापाल अनुविभागीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

भड़रीमऊ क्षेत्र के लगभग 260 परिवारों को अब तक केवल राशन लेने के लिए यहाँ से 13 किलोमीटर दूर ककालगुर जाना पड़ता था। हालांकि दरभा से कोलेंग जाने वाला मुख्य मार्ग अच्छी है, लेकिन दूरी अत्यधिक होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी होती थी।लेकिन अब गाँव में ही नई दुकान खुल जाने से ग्रामीणों को इस थका देने वाले सफर से पूरी तरह आजादी मिल जाएगी।

इस नई उचित मूल्य दुकान के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन ने आवेदन की प्रक्रिया 22 मई से प्रारंभ कर दी है, जो 05 जून 2026 तक चलेगी। इस दुकान के संचालन हेतु क्षेत्र की पंजीकृत सहकारी समितियां, ग्राम पंचायत, महिला स्व-सहायता समूह और वन सुरक्षा समितियां आवेदन करने के लिए पात्र होंगी। सभी इच्छुक समितियों एवं समूहों को निर्धारित समयावधि के भीतर अपने आवश्यक संपूर्ण दस्तावेजों के साथ कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तोकापाल में अपना आवेदन प्रस्तुत करना होगा। नियत तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply